कुमारहट्टी-नाहन हाइवे पर दर्दनाक हादसा: कार पलटने से एक व्यक्ति की मौत
HNN/ सोलन
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला जिला सोलन के कुमारहट्टी-नाहन हाईवे पर बोहली के समीप का है, यहां एक कार के सड़क पर पलटने से व्यक्ति की मौत हो गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति अपनी गाड़ी में सवार होकर नाहन से कुमारहट्टी की तरफ आ रहा था। इस दौरान बोहली के समीप पहुंचते ही अचानक चालक वाहन से संतुलन खो बैठा जिस कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई।
हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। एएसपी सोलन योगेश रोल्टा ने खबर की पुष्टि की है।