कुमार पंचायत में आग की चपेट में आए 4 दोमंजिला मकान
HNN/चंबा
जिला चंबा में पांगी की ग्राम पंचायत कुमार में 4 दोमंजिला मकान आग की चपेट में आ गए हैं।चारों मकान जलकर ख़ाक हो गए हैं। इस अग्निकांड में दो अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा। बता दें कि इस अग्निकांड में लाखों रुपए की संपत्ति को नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, कुमार पंचायत के लुद्र सिंह पुत्र बहादुर सिंह के घर की ऊपरी मंजिल से अचानक धुआं उठने लगा।
जिसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग ने तब तक भयंकर रूप धारण कर लिया। इसी दौरान तीन अन्य मकान भी आग की चपेट में आ गए। ग्रामीणों की कोशिश के बाद भी चारों मकान जलकर राख हो गए। इसके अलावा दो अन्य मकानों में भी क्षति पहुंची हुई है।
बता दें कि आग पहले लकड़ी से बने घास के शेड में लगी। इसमें चारों परिवारों के 12 कमरे जलकर राख हो गए हैं। इनके साथ सर्दियों के लिए जमा किया हुआ राशन समेत मवेशियों का चारा भी जलकर राख हुआ है। वहीं कुमार पंचायत के उपप्रधान मान सिंह ने बताया कि प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है।