कुल्लू में रेहड़ी-फड़ी धारकों का विरोध, नगर परिषद के खिलाफ मोर्चा
Himachalnow / कुल्लू
व्यापार की जगह देने की मांग, वेंडर जोन न बनने से नाराजगी
कुल्लू में रेहड़ी-फड़ी धारकों ने नगर परिषद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इनका कहना है कि नगर परिषद ने उनकी रेहड़ियां ढालपुर मैदान से हटा दी हैं, जिससे वे अपना कारोबार नहीं कर पा रहे हैं। परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है, और वे नगर परिषद से व्यापार के लिए स्थायी स्थान की मांग कर रहे हैं। विरोध कर रहे सभी रेहड़ी-फड़ी धारक सीटू के बैनर तले नगर परिषद कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों और प्रतिनिधियों से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
वेंडर जोन नहीं बना, कारोबार पर संकट
रेहड़ी-फड़ी धारकों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा वेंडर जोन नहीं बनाया गया, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर संकट आ गया है। वे मांग कर रहे हैं कि जब तक वेंडर जोन पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता, तब तक उन्हें अपने पुराने स्थानों पर कारोबार करने दिया जाए। उनका कहना है कि वे पहले ही आठ महीने से परेशानी झेल रहे हैं और इस दौरान कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।
परिवार पालना हुआ मुश्किल, मकान किराया चुकाना भारी
विरोध कर रहे रेहड़ी-फड़ी धारकों का कहना है कि मकान किराए और परिवार के खर्चों का बोझ बढ़ता जा रहा है। कई लोग छोटे पैमाने पर व्यापार कर अपने घर चला रहे थे, लेकिन अब उनके पास कोई स्थायी समाधान नहीं है। एक व्यापारी ने कहा, “हमारे पास चार-चार हजार रुपये मकान का किराया हो गया है, लेकिन आमदनी नहीं है। जब तक वेंडर जोन नहीं बनता, हमें अपने पुराने स्थानों पर बैठने की अनुमति दी जाए।”
पुलिस कार्रवाई से भी नाराजगी
विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि वे जब थोड़ी-बहुत रेहड़ी लगाकर व्यापार करने की कोशिश करते हैं, तो पुलिस वाले उन्हें वहां से हटा देते हैं और कभी-कभी गाली-गलौज भी करते हैं। एक व्यापारी ने कहा, “हम सिर्फ अपने परिवार का पेट भरना चाहते हैं, हम पर कोई ठोस निर्णय लिया जाए।” सभी ने मिलकर मांग की कि नगर परिषद जल्द से जल्द वेंडर जोन तैयार करे या उन्हें पुराने स्थानों पर कारोबार करने की अनुमति दे।