Arrest / ज्वालामुखी के प्राचीन मंदिर में मूर्तियां खंडित, CCTV सुराग से 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
Arrest / ज्वालामुखी के वार्ड नंबर-5 स्थित प्राचीन शनि देव मंदिर में मुख्य मूर्ति और शिवलिंग खंडित करने के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रेंखा निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज से उसकी पहचान करने के बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी से पूछताछ जारी है।
ज्वालामुखी
बीते बुधवार सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने मुख्य मूर्ति और पास में स्थापित शिवलिंग को खंडित पाया। मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना फैलने के बाद स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौके पर एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों ने रोष जताया और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर तथा आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश देकर वीरेंद्र सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे घटना के कारणों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य भी आया है कि क्षेत्र में पहले कुछ अन्य स्थानों पर भी मूर्तियां खंडित किए जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। अब यह जांच की जा रही है कि उन मामलों में भी गिरफ्तार आरोपी की कोई भूमिका थी या नहीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही पुरानी घटनाओं में उसकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।