लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

कृषि क्षेत्र में हिमाचल करेगा देश का पथ प्रदर्शनः राज्यपाल

SAPNA THAKUR | 3 जून 2022 at 11:15 am

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

HNN/ सोलन

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि हिमाचल प्राकृतिक कृषि राज्य बनने की ओर अग्रसर है। देवभूमि देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा की भूमि भी होनी चाहिए और राज्य कोे देश भर के सभी कृषि विज्ञान केंद्रों के लिए प्राकृतिक खेती के मामले में एक प्रमुख केंद्र की भूमिका निभानी चाहिए। राज्यपाल डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी सोलन और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 12वें द्विवार्षिक राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र सम्मेलन के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था हमेशा से कृषि पर आधारित रही है, लेकिन दुर्भाग्यवश इस अर्थव्यवस्था की दिशा विदेशी मॉडलों पर विकसित होने लगी है। उन्होंने कहा कि विषय की समझ में भी परिवर्तन आने लगा है, हमारेे संस्थान भी पश्चिमी विचारों से प्रभावित हैं। उन्होंने संतोष व्यक्त करते कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यह सोच बदलने लगी है, जिससे कृषि क्षेत्र में भी भारी बदलाव आया है। राज्यपाल ने कहा कि पश्चिमी पद्धति का अनुसरण करने से कृषि योग्य भूमि की उत्पादकता में तेजी से कमी आई है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान हमारी पारंपरिक कृषि में ही है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

उन्होंने कहा कि हम कभी भी प्रकृति के विरूद्ध नहीं रहे। भारतीय जीवन शैली प्रकृति से जुड़ी है और प्रकृति कृषि से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस कृषि पद्धति को अपनाने से अच्छे परिणाम सामने आए हैं और यह पद्धति तेजी से अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों ने उनके साथ अपने अनुभव साझा किए हैं। इस पद्धति को अपनाने से लागत में 27 प्रतिशत की कमी आई है और उत्पादन में लगभग 56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती की इस पद्धति को और अधिक सफल बना सकते हैं।

इससे किसानों की आय दोगुनी करने का प्रधानमंत्री का संकल्प भी पूरा होगा। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने वर्चुअल माध्यम से सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र के तकनीकी विस्तार में कृषि विज्ञान केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नैनो तकनीक को किसानों तक पहुंचाने में यह केन्द्र मददगार साबित हो सकते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नैनो यूरिया को बढ़ावा दिया जा सकता है ताकि इसे विदेशों से आयात करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि हम कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से ड्रोन तकनीक का भी प्रदर्शन कर सकते हैं।

इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि सरकार कृषि को बढ़ावा देने और किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि किसान प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए उत्साहित हैं और खेती को बढ़ावा देने के लिए यह तकनीक खेती छोड़ रहे युवाओं को पुनः आकर्षित करने में मददगार साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों के दृढ़ संकल्प से ही खेती के नित्य प्रयोग भी सफल हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें किसानों को रासायनिक खेती से बाहर निकालना है और देश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]