शिक्षा विभाग में छुट्टियों पर ब्रेक, बजट सत्र तक अधिकारियों की अनिवार्य मौजूदगी
16 फरवरी से विधानसभा सत्र, सुबह 8 से रात 8 बजे तक ड्यूटी के निर्देश
हिमाचल नाऊ न्यूज़ – शिमला
16 फरवरी से शुरू हो रहे हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रस्तावित छुट्टियों और टूर कार्यक्रमों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सत्र की अवधि तक सभी अधिकारी और कर्मचारी मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। विधानसभा कार्य से जुड़े अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कार्यालय में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आवश्यकता पड़ने पर रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी कार्यालय बुलाया जा सकता है।विभाग ने कहा है कि विधानसभा में शिक्षा से जुड़े सभी प्रश्नों के उत्तर समय पर और पूर्ण रूप से तैयार रखे जाएं।
अधिकारियों को विभाग से संबंधित अद्यतन आंकड़े उपलब्ध रखने होंगे। विशेष रूप से पिछले तीन वर्षों की नई भर्तियां, पदोन्नतियां, सेवानिवृत्तियां, रिक्त पदों की स्थिति और शिक्षकों के तबादलों का पूरा ब्योरा तैयार रखने को कहा गया है।आदेशों में चेतावनी दी गई है कि विधानसभा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बजट सत्र समाप्त होने तक शिक्षा विभाग के कार्यालयों के लैंडलाइन और अधिकारियों के मोबाइल फोन कार्य दिवसों के साथ-साथ अवकाश के दौरान भी चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।