Loading...

क्रिप्टो करंसी स्कैम का मास्टरमाइंड दिल्ली से गिरफ्तार, 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

Ankita • 30 Oct 2023 • 1 Min Read

एसआईटी ने छह जिलों के 41 स्थानों पर दी दबिश

HNN/ शिमला

करोड़ों रुपए के क्रिप्टो करंसी स्कैम की जांच में जुटी एसआईटी ने रविवार को बड़ी कार्यवाही अमल में लाई है। इसके तहत प्रदेश में 6 जिलों के अंतर्गत 41 स्थानों पर दबिश दी गई। सुबह 10 बजे के आसपास शुरू हुआ ये ऑप्रेशन देर शाम तक चलता रहा। एसआईटी की इस कार्यवाही से जांच दायरे में चल रहे आरोपियों में हड़कंप मच गया है।

इसके साथ ही एक अन्य मुख्य आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान जिला ऊना निवासी अभिषेक शर्मा के रूप में की गई है। आरोपी को अदालत ने 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ये लंबे समय से फरार चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, इस स्कैम में अब तक एसआईटी 10 गिरफ्तारियां कर चुकी है।

इनमें 1 महिला भी शामिल है। एसआईटी ने रविवार को कांगड़ा जिले के 7, मंडी व ऊना के 2-2, हमीरपुर के 25, बिलासपुर के 4 और सोलन जिले के अंतर्गत एक स्थान पर दबिश दी। इस दौरान कई महत्वपूर्ण रिकाॅर्ड कब्जे में लिया गया है। इनमें आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ ही संपत्ति रिकाॅर्ड, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण शामिल हैं।