खड़ामुख-होली मुख्य मार्ग पर ज्यूरा में गिरी चट्टानें, वाहनों की आवाजाही हुई ठप
HNN/चंबा
जिला चंबा में खड़ामुख-होली मुख्य मार्ग पर ज्यूरा के पास पहाड़ी के दरकने से बड़ी बड़ी चट्टानें मार्ग पर गिर गई। जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। साथ ही होली घाटी का संपर्क भी टूट गया है।
जानकारी के अनुसार, होली मार्ग पर ज्यूरा के पास पहाड़ी दरक गई। जिससे बड़ी चट्टानें और मलबा मार्ग पर आ गिरा और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी ठप हो गई। पहाड़ी के ऊपरी हिस्से से पत्थर और मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहने से सड़क को यातायात हेतु बहाल करने का काम शुरू नहीं हो पाया है।
वहीं लोक निर्माण विभाग का कहना है कि बारिश का दौर थमने के बाद ही मार्ग से चट्टानें व मलबा हटाने का काम शुरू हो पाएगा। उन्होंने लोगों से खराब मौसम में जान जोखिम में डालकर इस हिस्से पर आवाजाही न करने का आह्वान किया है।