खाई में गिरी बोलेरो गाड़ी, पूर्व सैनिक की हुई मौत
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर में भराड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंतेहड़ा में एक बोलेरो गाड़ी खाई में जा गिरी। हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान सेवानिवृत्त सैनिक बाबूराम (65) फागत गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फागत गांव में सड़क निर्माण कार्य चल रहा है।
सड़क के लिए कई ग्रामीणों ने अपनी भूमि दी है और श्रमदान भी कर रहे हैं। गांव के सेवानिवृत्त सैनिक बाबूराम ने भी सड़क के लिए अपनी भूमि दान दी है। हालांकि वह परिवार के साथ किरतपुर पंजाब में रहते थे। लेकिन बाबूराम एक सप्ताह पहले इस सड़क के निर्माण कार्य में श्रमदान करने के लिए गांव आए थे। इसी दौरान श्रमदान करते हुए वह कुछ देर आराम के लिए निर्माण स्थल पर खड़ी एक बोलेरो कैंपर की पिछली सीट पर बैठ गए।
इसी बीच वह गाड़ी आगे की ओर चल पड़ी और करीब 80 फुट नीचे गहरी खाई गिर गई। हादसे में सेवानिवृत्त सैनिक बाबूराम घायल हो गए। जिन्हें मौके पर मौजद लोगों ने खाई से निकाला और उपचार के लिए सीएचसी भराड़ी ले गए। जहां पर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें हमीरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
लेकिन हमीरपुर से भी उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जिस दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने मामले की पुष्टि की है।