खेतों में मिला 43 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर के तहत आने वाले गूगाल गांव में खेतों में एक व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय जयपाल निवासी गूगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयपाल शुक्रवार दोपहर को घर से निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

काफी देर तक ढूंढने के बाद जब जयपाल का कहीं भी कोई पता नहीं लगा तो उन्होंने पुलिस थाना भराड़ी में शिकायत दर्ज करवाई। वही गांव के लोग भी जयपाल को ढूंढ रहे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने जयपाल को भराड़ी जाने वाले पैदल रास्ते पर जाते देखा था। परिजनों ने उस रास्ते पर उसे ढूंढना शुरू कर दिया। जिस दौरान रात करीब 1:00 बजे खेतों में फोन की घंटी बजती सुनाई दी।

जब उन्होंने मौके पर देखा तो वहां पर जयपाल का शव पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को जयपाल के शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने मामले की पुष्टि की है।