खेत में घास काट रहे व्यक्ति पर भालू ने किया हमला, गंभीर रूप से घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी के चौहारघाटी में ग्राम पंचायत मढ़ के खबाण गांव में एक भालू ने व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। घायल की पहचान 33 वर्षीय अच्छर सिंह गांव खबाण के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अच्छर सिंह और उनकी पत्नी अपने खेत में घास काट रहे थे।
इसी दौरान वहां पर एक भालू आया और उसने अचानक ही अच्छर सिंह पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों दंपति जोर-जोर से चिल्लाए तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए। जिसके बाद शोर होने से भालू वहां से भाग गया।
हमले में भालू ने अच्छर सिंह के पेट, मुंह, बाजू और टांग को बुरी तरह से नोचा है। जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी बरोट ले जाया गया। जहां पर तैनात डॉ. आदित्य ने उसे प्राथमिक उपचार देकर जोनल अस्पताल को रेफर कर दिया है।