खेत में मिला 13 वर्षीय लापता प्रवासी बच्चे का शव, जाँच में जुटी पुलिस

DEAD-1.jpg

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में शाहतलाई क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तलाई इलाके में खेत में एक 13 वर्षीय लापता प्रवासी बच्चे का शव मिला है। जिसकी पहचान करन वर्मा (13) पुत्र योगेंद्र निवासी खरग बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, करन वर्मा अपने परिवार के साथ तलाई इलाके में किराए के कमरे में रहता था। करन के माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।

शनिवार की सुबह वह साथ बहती खड्ड की ओर खेलने चला गया था। शाम को जब उसके माता-पिता घर वापिस आए तो करन कमरे में नहीं था। जिसके बाद उन्होंने करन की तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। जिसके बाद उन्होंने पुलिस में करन की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शनिवार देर रात तक करन की खोज की, लेकिन करन का कुछ पता नहीं चला। जिसके बाद रविवार सुबह उन्होंने फिर तलाश शुरू की और दोपहर बाद करन का शव किराए कमरे से करीब एक किलोमीटर दूर बिजली दफ्तर के पास खेत में मिला।

पुलिस ने तुरंत ही शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।