Loading...

खेलों से बनता है मजबूत व्यक्तित्व और संस्कारों से मजबूत समाज : जी.आर. मुसाफिर

Shailesh Saini • 2 Hours Ago • 1 Min Read

राजगढ़ में अंडर-19 छात्रा वर्ग खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार समापन, मेजबान विद्यालय बना ऑल राउंड बेस्ट स्कूल

हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़

राजगढ़ में आयोजित अंडर-19 छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में 14 विद्यालयों की करीब 170 छात्रा खिलाड़ियों ने कबड्डी, वॉलीबाल, बैडमिंटन, खो-खो, ठोडा, शतरंज सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।

समापन समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जी.आर. मुसाफिर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने छात्रा खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, नेतृत्व और टीम भावना सीखने की सबसे बड़ी पाठशाला हैं।

उन्होंने कहा कि आज की बेटियां खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। बच्चों और युवाओं का सही मार्गदर्शन ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव तैयार करता है। एक संस्कारी, शिक्षित और अनुशासित विद्यार्थी ही आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनता है और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुसाफिर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य प्रतिभागियों से कहा कि हार से निराश होने के बजाय उसे अगली सफलता की प्रेरणा बनाएं। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास भी पैदा करते हैं।

उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय की एसएमसी, प्रधानाचार्य और स्टाफ की सराहना की। मुसाफिर ने बताया कि राजगढ़ विद्यालय में करीब 750 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और क्षेत्र में शिक्षा के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

विद्यालय की एसएमसी द्वारा रखी गई भवन, खेल मैदान, अतिरिक्त कमरों और जिमनेजियम हॉल सहित विभिन्न मांगों को उन्होंने शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से मिलकर भी इन मांगों को पूरा करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करने की बात कही। उन्होंने अपनी ओर से तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजन के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं आयोजन सचिव प्रेम चौहान ने प्रतियोगिता की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कबड्डी का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें राजगढ़ ने जदोल टपरोली को 39-38 से हराकर खिताब अपने नाम किया। खो-खो में भी राजगढ़ की टीम विजेता रही।वॉलीबाल में शावगा प्रथम और कोटला मांगन द्वितीय रहा।

बैडमिंटन व योगा में सनोरा विजेता बना, जबकि कुश्ती में सनियो दीदग ने प्रथम स्थान हासिल किया। विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन के आधार पर मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ को ऑल राउंड बेस्ट स्कूल चुना गया।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, जिला परिषद सदस्य रितु बाला, विवेक शर्मा, दिनेश आर्य, आशा प्रकाश, अजय चौहान, सुमन चौहान और रोशन लाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: