गश्त के दौरान पुलिस ने नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया व्यक्ति
HNN / बिलासपुर
जिला पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति के कब्जे से चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देर रात मनण रेन शैल्टर के पास पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस ने सुनसान सड़क पर एक व्यक्ति को हाथ में बैग लिए अकेले रेन शैल्टर के पास बैठे हुए देखा।
पुलिस कुछ देर तक तो व्यक्ति की गतिविधियों को देखती रही। इसके बाद पुलिस व्यक्ति के पास गई और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान व्यक्ति घबरा गया, जिसके चलते पुलिस ने व्यक्ति के पास पड़े बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान व्यक्ति के कब्जे से 36.31 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।