गश्त के दौरान व्यक्ति से बरामद हुआ चूरा पोस्त, गिरफ्तार
HNN/सोलन
जिला सोलन में पुलिस ने एक व्यक्ति को 4.619 किलो ग्राम चूरा पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है। आरोपी की पहचान अशोक, गांव निनमा बिसौली, थाना कुमरगाय जिला बदायूं यूपी के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम बरोटीवाला क्षेत्र में गश्त पर थी।
इसी दौरान बरोटीवाला रोड पर सैसोवाला गांव के पास एक व्यक्ति पैदल जा रहा था। जब उसने पुलिस की टीम को अपने सामने देखा तो वह घबरा गया और भागने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जिसके बाद उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त व्यक्ति से 4.619 किलो ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।
जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार किया। डीएसपी प्रियंक गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की पूछताछ कर रही है।