HNN/सोलन
जिला सोलन में परवाणु पुलिस की टीम ने एक निजी होटल में दबिश देकर देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, सिक्किम व पंजाब की युवतियों सहित उजबेकिस्तान व नेपाल की भी दो युवतियों का रेस्क्यू किया है। पुलिस द्वारा मामले में कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्की मोड़-भोजनगर संपर्क मार्ग पर एक निजी होटल में देह व्यापार का कारोबार चलाया जा रहा है। जिसके बाद परवाणु पुलिस की टीम ने उक्त होटल में देर रात दबिश दी। इस दौरान निजी होटल में दिल्ली, हरियाणा, सिक्किम व पंजाब की युवतियां पाई गई। इतना ही नहीं इन युवतियों में उजबेकिस्तान व नेपाल की भी दो युवतियां शामिल थी।
बता दें कि इन युवतियों की शिनाख्त पहचान पत्रों के माध्यम से की गई। वहीं दबिश के दौरान होटल में हरियाणा व पंजाब के पुरुष भी पाए गए। बता दें कि पुलिस की जांच में पाया गया कि होटल मैनेजर द्वारा किसी भी प्रकार की एंट्री रजिस्टर में नहीं की गई थी। जबकि लड़कों व लड़कियों ने कमरे बुक करवाए हुए थे।
एसपी गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा जनपद में तमाम निजी होटलों व रेस्टोरेंटस में कड़ी नजर रखी जा रही है। अवैध गतिविधियों से संबंध रखने पर होटल संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

