Loading...

गुर्जरों की हाटीयों को दो टूक, एसटी आरक्षण को लेकर अनावश्यक दबाव न बनाएं सरकार पर- पोसवाल

Ankita • 6 Nov 2023 • 1 Min Read

अपने हक बचाने के लिए सड़कों पर उतरेगा गुर्जर समुदाय- भाटिया

HNN/ नाहन

गुर्जरों का इतिहास 1200 वर्ष पुराना है। गुर्जर अपने हक के लिए सड़कों पर भी उतरेंगे और हर तरह से आमना-सामना भी करेंगे। यह बात नाहन विधानसभा क्षेत्र के कालाअंब में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला सिरमौर गुर्जर कल्याण परिषद के अध्यक्ष राजकुमार पोसवाल तथा महासचिव सोमनाथ भाटिया ने कही।

उन्होंने हाटी समुदाय के लोगों को चेताते हुए कहा कि वे प्रदेश सरकार पर एसटी आरक्षण को लेकर अनावश्यक दबाव ना बनाएं। हाटी समुदाय के लोग गुर्जर समुदाय के बारे में जो बयान बाजी कर रहे हैं वह बिल्कुल भी अच्छी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि गुर्जर समुदाय को अल्प ज्ञान की बात कहकर हाल ही में नए-नए बने इस हाटी संस्थान ने खुद पर ही प्रश्न चिन्ह खड़ा कर लिया है।

सोमनाथ भाटिया ने कहा कि गुज्जरों वह बलिदानी कौम है जिसने अंग्रेजों के नाक में दम कर दिया था। उन्होंने सख्त आवाज में कहा कि अपने हक के लिए गुर्जर किसी भी हद तक जा सकते हैं। अगर उन्हें आंदोलन ही करना पड़ा, तो अब नाहन विधानसभा क्षेत्र में ही नहीं। बल्कि प्रदेश के 35 विधानसभा क्षेत्र में जहां पर गुर्जर रहते हैं, आंदोलन किए जाएंगे।

सोमनाथ भाटिया ने कहा कि गुर्जरों ने डॉक्टर राजीव बिंदल को सर माथे रखकर दो बार विधायक बनाया। मगर अब वह गुर्जरों के बारे में एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। वह हाटी आरक्षण को जल्द लागू करवाने की मांग केंद्र व प्रदेश सरकार से कर रहे हैं। सोमनाथ भाटिया ने कहा कि डॉ राजीव बिंदल को शिलाई तथा श्री रेणुकाजी के लोगों ने वोट नहीं देने हैं, उन्हें नाहन विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने वोट देने हैं।

इसलिए वह नाहन के लोगों के बारे में तथा गुर्जर समुदाय के बारे में भी कुछ कहें। नहीं तो उन्हें 2022 विस की तरह आगामी लोकसभा तथा भविष्य के विधानसभा चुनाव में गुर्जरों की अनदेखी का खामियाजा भुगतना होगा। राजकुमार पोसवाल ने बताया कि हाटीयों को क्या संविधान पर भरोसा नहीं है, हाईकोर्ट पर भरोसा नहीं है।

जो वह लगातार प्रदेश सरकार पर एसटी आरक्षण को लागू करने के लिए दबाव बना रहे हैं। प्रदेश हाईकोर्ट ने अनुसूचित जनजाति की पिटीशन पर केंद्र तथा प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर दिया है। प्रदेश सरकार ने हाटी एसटी आरक्षण को केंद्र सरकार को इसलिए लौटाया की, माननीय राष्ट्रपति तथा अंडर सेक्रेटरी के द्वारा जो नोटिफिकेशन भेजी गई है, उसमें अलग-अलग जानकारी है।

गुर्जरों ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर प्रदेश सरकार हाटीयों को एसटी आरक्षण देती है, तो वह इसके खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। इस पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष चौधरी, उपाध्यक्ष सुभाष कुमार, सदस्य सुखबीर सिंह भी उपस्थित रहे।