Loading...

गेहूं के खेतों में लगी आग को बुझाते हुए झुलसा बुजुर्ग, दर्दनाक मौत

Ankita • 26 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/ सोलन

जिला सोलन जिले के नालागढ़ की बघेरी पंचायत के अभीपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां गेहूं के खेतों में लगी आग को बुझाते हुए एक बुजुर्ग बुरी तरह झुलस गया, जिस कारण उसकी जान चली गई है। मृतक की पहचान 80 वर्षीय जीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, अभीपुर गांव के रामस्वरूप के खेत के ऊपर से हाई वोल्टेज बिजली की लाइन गुजरती है। तेज हवा के कारण बिजली की तारें आपस में टकराईं और इससे निकली चिंगारी से गेहूं के खेत में गिरी और आग लग गई। गांव के बुजुर्ग जीत सिंह ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझा रहा था।

इसी दौरान जीत सिंह खेत में बाउंड्री पर लगी तारों में उलझा और नीचे गिर गया। तारों में बुरी तरह फसने के कारण जीत सिंह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वहीं गेहूं की फसल भी तबाह हो चुकी है। उधर, पंजेहरा के नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह ने मृतक के परिजनों को 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि दी है।