Accident / देहरा बस स्टैंड पर बैक हो रही एचआरटीसी बस की चपेट में आई महिला, टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
Accident : देहरा बस स्टैंड पर बैक हो रही एचआरटीसी बस की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा रेफर किया गया है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहरा
बैक हो रही बस की चपेट में आई महिला
कांगड़ा जिले के देहरा बस स्टैंड पर शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस अपने निर्धारित स्थान पर बैक की जा रही थी। इसी दौरान महिला बस की चपेट में आ गई, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ब्लॉक कार्यालय से लौटते समय हुआ हादसा
घायल महिला की पहचान सुषमा देवी (55), पत्नी मस्त राम, निवासी सिहोटी खुर्द, देहरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुषमा देवी अपने पति मस्त राम, जो ग्राम पंचायत सिहोटी खुर्द के वार्ड पंच हैं, के साथ किसी कार्य से देहरा ब्लॉक कार्यालय आई थीं। कार्य पूरा होने के बाद दोनों घर लौटने के लिए देहरा बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई।
भीड़ के बीच हुआ हादसा, महिला को टांडा किया गया रेफर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एचआरटीसी की बस (एचपी-36सी-4843) देहरा से बड़ोह रूट के लिए रवाना होने से पहले बस स्टैंड पर निर्धारित स्थान पर बैक की जा रही थी। ग्रामीण रूट की बस होने के कारण बस में चढ़ने के लिए यात्रियों की भीड़ थी। इसी दौरान सुषमा देवी बस के अगले हिस्से की ओर आ गईं और दुर्घटना का शिकार हो गईं। स्थानीय लोगों तथा एचआरटीसी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस बस चालक, परिचालक तथा घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।