गैस सिलेंडर फटने से किचन में लगी आग, एसडीएम अश्वनी कुमार..….
HNN/शिमला
राजधानी शिमला के कोटखाई में देर रात एक अग्निकांड पेश आया, जहां एसडीएम अश्वनी कुमार के किचन में गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। किचन में आग लगने से वहां रखा कुछ सामान जल गया है। तो वहीं एसडीएम कोटखाई अश्वनी कुमार भी झुलस गए हैं। फिलहाल एसडीएम अश्वनी कुमार का कोटखाई अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एसडीएम अश्वनी कुमार शर्मा कोटखाई बाजार में स्थित प्रताप जस्टा बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल में किराए के मकान में रहते हैं। घटना के दौरान वह मकान में अकेले ही थे। इस दौरान वह रात करीब तीन बजे गर्म पानी पीने के लिए रसोई में गए और गैस चूल्हा चालू करने की कोशिश की। इस दौरान जैसे ही उन्होंने गैस चुल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया, तो अचानक ब्लास्ट हुआ और पूरी रसोई में आग लग गई।
ब्लास्ट होने से खिड़कियां और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और एसडीएम को वहां से बाहर निकाला गया। साथ ही रेगुलेटर पर गीला कपड़ा डालकर आग के साथ-साथ गैस सिलेंडर पर भी नियंत्रण पा लिया। जिसके बाद एसडीएम को उपचार के लिए कोटखाई अस्पताल ले गए। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। ठियोग डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा ने हादसे की पुष्टि की है।