गौशाला में हुआ भीषण अग्निकांड, 7 मवेशी जिंदा जले
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक गौशाला में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस अग्निकांड में 7 मवेशी जिंदा जल गए है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। वहीं आग की इस घटना में पीड़ित मोहम्मद आलम को करीब 3 लाख रुपए का नुक्सान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस भी आग लगने के कारणों की जाँच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, नेरवा से लगभग 12 से 13 किलोमीटर दूर खुडवी गांव में मोहम्मद आलम पुत्र स्व. लालदिन गांव खुड़वी डाकघर रूसलाह की एक गौशाला में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में गौशाला में बंधी दो जर्सी गाय, दो बछड़े, दो बैल व एक खच्चर आग में जिंदा जल गए। प्रशासन की ओर से पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है।