घुमारवीं में राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव 5 से 9 अप्रैल तक, मंत्री राजेश धर्माणी ने तैयारियों की समीक्षा की

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 4 Mar 2026, 1:53 PM | Updated: 4 Mar 2026, 1:53 PM 1 min read

घुमारवीं में राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव 5 से 9 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जबकि 4 अप्रैल को पारंपरिक पशु मेले का आयोजन होगा। मेले की तैयारियों को लेकर मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई।

घुमारवीं/बिलासपुर

मेला आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक

नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एसडीएम घुमारवीं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

5 से 9 अप्रैल तक होगा ग्रीष्मोत्सव

बैठक में मंत्री राजेश धर्माणी ने बताया कि राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव 5 अप्रैल से 9 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 4 अप्रैल को पारंपरिक पशु मेले का भी आयोजन किया जाएगा।

शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण

मंत्री ने कहा कि यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है, इसलिए इसे भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का शुभारंभ शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी।

कुश्ती प्रतियोगिता में इस बार महिला वर्ग भी शामिल

मंत्री ने बताया कि मेले के दौरान पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इस बार महिला कुश्ती को भी शामिल किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।

खेलकूद प्रतियोगिताएं और विशेष कार्यक्रम

ग्रीष्मोत्सव के दौरान हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और शतरंज सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा बेबी शो, डॉग शो और बुजुर्ग सम्मान शो का भी आयोजन होगा। बुजुर्ग शो में 70 से 90 वर्ष, 90 से 100 वर्ष और 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।

विभिन्न विभाग लगाएंगे योजनाओं की प्रदर्शनियां

मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, ताकि आम लोग सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

व्यवस्थाओं को लेकर विभागों को दिए निर्देश

बैठक के दौरान मेला ग्राउंड की साफ-सफाई, बिजली और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए गए। अग्निशमन विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा खाद्य आपूर्ति विभाग को मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने को कहा गया।

मेला ग्राउंड का किया निरीक्षण

बैठक के बाद मंत्री राजेश धर्माणी ने अधिकारियों के साथ मेला ग्राउंड का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, एचपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल वर्धन, पूर्व पार्षद कपिल, मनोनीत सदस्य देशराज, व्यापार मंडल के अध्यक्ष हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।