चंडीगढ़-मनाली एनएच पर हादसे का शिकार हुई कार, एक युवती की मौत, युवक जख्मी
HNN/ मंडी
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे है। ताजा मामला पुलिस थाना बल्ह के तहत चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर लूणा पानी का है, यहां एक कार हादसे का शिकार हो गई।
इस घटना में एक युवती की जान चली गई है, जबकि एक युवक जख्मी हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मृतका की पहचान 16 वर्षीय दिया पुत्री ओम प्रकाश निवासी पाथा सिध्यानी के रूप में हुई है जोकि अपनी मौसी के घर नेरचौक आई हुई थी। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, एक आल्टो कार नेरचौक की तरफ से मंडी जा रही थी। इसी दौरान लूणा पानी में अचानक से सड़क के बाहर की तरफ खड़े ऑटो से कार टकरा गई और उल्टी दिशा में जाकर नाली में घुस कर पलट गई। कार में एक युवक व लड़की सवार थे जोकि हादसे में जख्मी हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि एएसपी सागर चंद्र ने की है। उधर, तहसीलदार बल्ह विपिन शर्मा ने बताया कि मृतका के पिता को 25 हजार रुपए फौरी राहत के तौर पर दी गई है।