Loading...

चंबा में आसमानी बिजली गिरने से एक ही परिवार की 11 भैंसों की मौत, उजड़ गया गुजारा चलाने का सहारा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Jun 2025 • 1 Min Read

चंबा

पीड़ित परिवार का सारा खर्चा चलता था भैंसों के दूध से, प्रशासन ने दी मदद का भरोसा

पखारा धार में हादसा
उपमंडल चुराह की देहरा पंचायत के पखारा धार में बुधवार शाम को आसमानी बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में शरीफ अली नामक ग्रामीण की 11 भैंसें मौके पर ही मारी गईं। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार का कोई सदस्य वहां मौजूद नहीं था, वरना जान का भी नुकसान हो सकता था।

दूध बेचकर चलता था गुजारा
शरीफ अली पुत्र नूर अली ने हाल ही में पंजाब से अपनी भैंसें पखारा धार लाकर छोड़ी थीं। वह इन्हीं भैंसों के दूध को बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। लेकिन अब इस हादसे के बाद उसका रोज़गार उजड़ गया है। पीड़ित ने बताया कि मरने वाली भैंसों में ज्यादातर दूध देने वाली थीं, और अब घर चलाना मुश्किल हो जाएगा।

राजस्व विभाग को दी गई जानकारी
ग्राम पंचायत देहरा के प्रधान चैन लाल ने बताया कि इस दुखद घटना की जानकारी राजस्व विभाग को दे दी गई है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दे, ताकि उनका जीवन फिर से पटरी पर आ सके।

प्रशासन ने भेजी टीम, मिलेगी सहायता
तहसीलदार चुराह आशीष ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी और पशुपालन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। मौके पर 11 भैंसों की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।