Loading...

चयन आयोग के माध्यम से टीजीटी, जेबीटी और सीएंडबी शिक्षकों के लगभग 2,800 पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Dec 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शिक्षा मंत्री मंगलवार को ऊना जिले के अंब उपमंडल के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरवाईं में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए जहाँ उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पिछले दो वर्षों में कई अहम कदम उठाए गए हैं। करीब 15,000 रिक्त पदों को भरने की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से लगभग 3,400 पद बैचवाइज भरे जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि चयन आयोग के माध्यम से टीजीटी, जेबीटी और सीएंडबी शिक्षकों के लगभग 2,800 पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके अलावा, करीब 700 लेक्चरर के पद भी भरे जा रहे हैं। कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के 120 रिक्त पद और सहायक प्राध्यापकों के 484 पद पहले ही भरे जा चुके हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार की दृष्टि से कार्य कर रही है। सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू करना, स्मार्ट वर्दी का प्रावधान, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल और स्कूल ऑफ एक्सीलेंस जैसी योजनाएं इन्हीं सुधारात्मक प्रयासों का हिस्सा हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा प्रणाली में सुधार के लिए कलस्टर प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है, जिससे संसाधनों का अधिकतम और समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। ये पहल शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से की जा रही हैं।