Loading...

चलती कार पर तेंदुआ झपटने से खाई में गिरी कार, चालक की मौत

By PARUL Published: 7 Feb 2024, 9:58 PM | Updated: 7 Feb 2024, 9:58 PM 1 min read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं के तहत बैहल नवाणे में बीती रात अचानक चलती कार पर तेंदुआ झपट पड़ा, जिसके चलते चालक ने कार से संतुलन खो दिया और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि अन्य तीन व्यक्ति घायल हो गए।

मृतक की पहचान हिम्मत सिंह 46 वर्ष निवासी हवाण तहसील घुमारवीं और घायलों की पहचान रतन चंद (66) पुत्र स्वर्गीय हरी सिंह निवासी हवाण, निर्मला देवी पत्नी रतन लाल (63) निवासी हवाण और रोहित (12) पुत्र दीपक कुमार निवासी हवाण के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात चार लोग कार में सवार होकर जमथ जिला मंडी में एक शादी समारोह से घर वापिस जा रहे थे। इस दौरान वह जैसे ही त्रिफालघाट से करीब 500 मीटर आगे गांव बैहल नवाणे के पास पहुंचे, तभी अचानक एक तेंदुआ कार की तरफ आकर झपटा, जिससे चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फुट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि अन्य तीन व्यक्ति घायल हुए हैं।

हादसे की खबर लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर कार चालक हिम्मत सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना के संदर्भ में मामला दर्ज जांच शुरू की। मामले की पुष्टि डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल ने की है।