Loading...

चलती कार में अचानक लगी आग, बाल-बाल बची चालक की जान

Ankita • 18 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/ बिलासपुर

जिला बिलासपुर के उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत बड़गांव गलू के गांव डोहक अमलिया में चलती कार में अचानक ही आग भड़क उठी। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

वाहन चालक ने समय रहते गाड़ी से उतरकर अपनी जान बचा ली थी। वाहन चालक की पहचान शशि कुमार निवासी गांव बूखर डाकघर नघ्यार तहसील झंडूता जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। इस घटना से पीड़ित को लाखों रुपए का नुकसान हुआ हैं।

जानकारी के मुताबिक, शशि कुमार अपनी कार में सवार होकर ऊना के लठयाणी से वापस घर आ रहा था। इस दौरान घर से कुछ दूरी पर ही कार के पीछे से धुंआ निकलने लगा। आग लगने का एहसास होते ही शशि कुमार ने तुरंत कार को रोक दिया।

बाहर निकलने के लिए वह दरवाजा खोलने लगे, तो नहीं खुला। शशि कुमार ने सूझबूझ से काम लेते हुए किसी तरह कार का शीशा तोड़ और समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहे। मामले की पुष्टि डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने की है।