चिंतपूर्णी मंदिर में हवन के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे श्रद्धालु, यह रहेगा समय…
HNN / ऊना, वीरेंद्र बन्याल
उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता चिंतपूर्णी में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्रद्धालुओं को नव वर्ष में घर बैठे हवन करवाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा प्रदान की है। हवन करवाने के लिए श्रद्धालु ऑनलाइन वेबसाइट https://www.matashrichintpurni.com/hawan-booking के माध्यम से बुकिंग करवा सकते हैं। उन्होंने वीरवार को मंदिर में माथा टेका और पूजा अर्चना भी की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी मंदिर लोगो की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
धार्मिक स्थलों का विकास और विस्तार करके इन्हें पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध बनाया जाएगा ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश को देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है यहां अनेकों देवी-देवताओं का वास है। प्रदेश के समस्त ऐतिहासिक धार्मिकों स्थलों का पुनरुद्धार किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश की जनता, पुजारी वर्ग और लोगों से आह्वान किया कि वे मंदिरों के विकास में अपना महत्वूपर्ण योगदान दें।
उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर प्रदेश के लोगों की आस्था का केंद्र है, हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के साथ यहां आते हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर स्थल पर श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध शक्तिपीठ में दंडवत्त होकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग से रास्ता बनाने का भी प्रावधान किया जाएगा।
सूक्ष्म व सप्तशती दो प्रकार के होंगे हवन
सूक्ष्म हवन करवाने के लिए 40 मिनट से 1 घंटे अवधि हेतू 500 रूपये पंजीकरण तथा 1200 रूपये हवन सामग्री शुल्क और सप्तशती हवन करवाने के लिए 2 से 2:30 घंटे की अवधि होगी जिसके लिए 1100 रूपये पंजीकरण और 5800 रूपये हवन सामग्री शुल्क होगा। हवन सामग्री मंदिर न्यास श्रद्धालुओं को पेमेंट आधार पर उपलब्ध करवाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हवन करवाने वाले पुजारियों के नाम और सम्पर्क नम्बर वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए गए हैं, श्रद्धालु स्वयं हवन के लिए बुक कर सकते हैं।
यह रहेगा हवन करवाने का समय
सूक्ष्म हवन करवाने का समय प्रातः 7 से 8 बजे, 11 से 12 बजे व सवा तीन से सवा चार तक होगा। जबकि सप्तशती हवन प्रातः 8 से 10:40 और साढे़ 12 से तीन बजे तक तथा साढ़े चार से 7 बजे तक का समय रहेगा।