Loading...

चिंतपूर्णी महोत्सव अब 15 दिन तक आयोजित किया जाएगा

PARUL • 15 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/ऊना

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव अब 30 सितंबर तक यानी 15 दिन तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने अंब में स्थानीय व्यापार मंडल प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान दी।

सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि क्षेत्र में पहली बार जिला स्तरीय महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें अन्य गतिविधियों के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए मेले का आयोजन किया गया है। लेकिन सरकार की मंशा स्थानीय व्यापारियों को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाने की नहीं है।

व्यापारियों ने इसे लेकर अपनी राय व्यक्त की थी। इसके चलते यह निर्णय लिया गया है कि मेले में अब 24 से 26 सितंबर तक सांस्कृतिक गतिविधियां तथा 30 सितंबर तक व्यावसायिक गतिविधियों के तहत दुकानें चलाई जाएंगी।

बताते चलें कि पहले एक माह तक व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति थी, लेकिन व्यापारियों के विरोध के चलते सरकार ने इसे घटाकर 15 दिन कर दिया है। उधर, व्यापार मंडल अंब के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने निर्णय से सहमति जताते हुए कहा कि इन गतिविधियों से स्थानीय व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता, जिसका समय घटाए जाने से व्यापारियों को राहत मिलेगी।