रेणुका मेले में गूंजी सिरमौर की सदियों पुरानी संस्कृति, बुडाह नृत्य ने बांधा समां
छह लोकनृत्य दलों ने वीरगाथाओं, हारुलों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों से जीवंत की पहाड़ी विरासत, स्थानीय कलाकारों ने बिखेरे लोकसंस्कृति के रंग
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | श्री रेणुका जी
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का मंच शनिवार को सिरमौर की समृद्ध लोकसंस्कृति, वीरगाथाओं और सदियों पुरानी परंपराओं का गवाह बना। जब पारंपरिक वेशभूषा में सजे लोक कलाकारों ने बुडाह नृत्य की प्रस्तुति दी तो हुड़क, दमामु, थाली और बांसुरी की मधुर धुनों से पूरा मेला प्रांगण गूंज उठा।

लोकगायकों की बुलंद आवाज, वाद्य यंत्रों की थाप और कलाकारों के सामूहिक नृत्य ने दर्शकों को सिरमौर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाया।श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला सिरमौर के छह पारंपरिक बुडाह लोकनृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक मंगल ध्वनियों और वाद्य यंत्रों की ताल के साथ हुआ। इसके बाद एक के बाद एक लोकनृत्य दलों ने सिरमौरी संस्कृति के विविध रंग मंच पर बिखेरे। कार्यक्रम के समापन पर लोकगायकों ने सामूहिक नृत्य के साथ गीतों के माध्यम से समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता स्थानीय लोक कलाकारों की भागीदारी रही। आधुनिक संगीत और बदलते सांस्कृतिक परिवेश के बीच सिरमौर के ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े ये कलाकार अपनी पुश्तैनी परंपराओं को जीवित रखने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। पारंपरिक चोलना, डांगरा और आभूषणों से सुसज्जित कलाकारों ने यह संदेश दिया कि पहाड़ की संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि पीढ़ियों से संजोया गया इतिहास और सामाजिक पहचान भी है।

जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने बताया कि सिरमौरी सभ्यता के आरंभिक इतिहास को समझने में लोक संगीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बुडाह नृत्य सिरमौर की ऐसी अनूठी परंपरा है, जिसका आयोजन दिवाली के अवसर पर अमावस्या से भैया दूज तक किया जाता है। इस नृत्य की शुरुआत में इसके इतिहास का गायन भी किया जाता है। लोकपरंपरा के अनुसार बुडाह नृत्य का आयोजन पांडवों ने भगवान श्रीकृष्ण के परामर्श से किया था।

उन्होंने बताया कि बुडाह नृत्य के दौरान ऐतिहासिक वीरगाथाओं, युद्ध गाथाओं और हारुलों का गायन किया जाता है। कलाकार बांसुरी, हुड़क, थाली, दमामु और दमांटु जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की संगत में सामूहिक गायन एवं नृत्य प्रस्तुत करते हैं। इन प्रस्तुतियों में सिरमौर के इतिहास, लोकविश्वास, वीरता और सामाजिक परंपराओं की झलक देखने को मिलती है।

कांता नेगी ने कहा कि ऐसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। स्थानीय कलाकारों को बड़े मंचों पर अवसर मिलने से न केवल उनका उत्साह बढ़ता है, बल्कि विलुप्त होने के खतरे का सामना कर रही लोककलाओं के संरक्षण को भी बल मिलता है। भाषा एवं संस्कृति विभाग का प्रयास है कि हिमाचल की समृद्ध लोकपरंपराओं को पहचान मिले और इन्हें आगे बढ़ाने वाले कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता रहे।
कार्यक्रम में गिरी आर हटी कला मंच गुंडाह, गुगा महाराज बुढ़ियात क्लब क्यारका, गोगा वीर सांस्कृतिक कला मंच पखवान गनोग, बुडाह दल गानोग, बुडाह दल सैंज तथा बुडाह दल हनत ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रत्येक दल ने अपनी विशिष्ट गायन शैली, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और नृत्य की लय के माध्यम से सिरमौरी लोकसंस्कृति की विविधता को मंच पर उतारा।कार्यक्रम का सफल संचालन दलीप वशिष्ठ ने किया।
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले में बुडाह नृत्य की यह प्रस्तुति इस बात का प्रमाण बनी कि हिमाचल की असली सांस्कृतिक पहचान आज भी गांवों के उन लोक कलाकारों में जीवित है, जो बिना किसी आधुनिक चकाचौंध के अपनी कला और परंपराओं को पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं।

