चिट्टे की ओवरडोज़ लेना युवक को पड़ा महंगा, गंवाई जान
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू में एक युवक को चिट्टे की ओवरडोज़ लेना महंगा पड़ गया। जिस कारण युवक अपनी जान गवां बैठा है। मृतक की पहचान रोशन लाल पुत्र शोकी निवासी कड़छ ज्वालापुर हरिद्वार उत्तराखंड के रूप में हुई है।
युवक अपने परिवार के साथ भुंतर में रह रहा था और तेल मालिश का काम करता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, भुईन में ब्यास नदी के किनारे चट्टान पर एक युवक बेसुध पड़ा हुआ था। जब लोगों ने उसे वहां इस हालत में देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें युवक नशे का आदी था और चिट्टे का नशा करता था। मृतक के शरीर व बाजुओं में सुई चुभोने के ताजा निशान भी पाए गए हैं। एसपी डाॅ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने घटना की पुष्टि की है।