साधुओं का रूप धारण कर राहगीरों को ठगने का प्रयास, दो युवक पकड़े
उप मंडल बंगाणा के अंतर्गत ऊना-हमीरपुर हाईवे पर गांव नलूट के समीप साधुओं का रूप धारण कर राहगीरों को कथित तौर पर धर्म और श्रद्धा के नाम पर गुमराह कर पैसे तथा सोने-चांदी की चेन आदि ऐंठने का प्रयास करने के आरोप में दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। मामले की सूचना मिलने के बाद थाना बंगाणा पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक साधुओं का वेश धारण कर हाईवे किनारे खड़े होकर गुजरने वाले वाहनों को रोक रहे थे। बताया जा रहा है कि वे राहगीरों से धार्मिक एवं श्रद्धा से जुड़ी बातें कर उन्हें अपने विश्वास में लेने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी गतिविधियां देखकर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना बंगाणा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान पजरी पुत्र गईना निवासी प्रेम नगर, जिला यमुनानगर, हरियाणा तथा संदीप पुत्र अमृतू पाल, मकान नंबर 1871, कानसापुर रोड, शिवपुरी-20 बी, जगाधरी, जिला यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और उनके हिमाचल आने, हाईवे पर इस तरह की गतिविधियां करने तथा पूर्व में किसी अन्य स्थान पर ऐसी घटनाओं में संलिप्तता को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की वास्तविक मंशा क्या थी और क्या उन्होंने इससे पहले भी किसी व्यक्ति को इसी तरीके से ठगने का प्रयास किया है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दोनों युवकों को समय रहते पुलिस के हवाले किए जाने से किसी संभावित ठगी की घटना को टाला जा सका।
