चुराह के झज्जाकोठी में पैसे विवाद को लेकर मजदूर पर कांच की बोतल से हमला, आरोपी पर केस दर्ज
Himachalnow / चंबा
जड़ी-बूटी व्यापार के पैसों को लेकर हुए विवाद में मजदूर पर जानलेवा हमला किया गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंबा/चुराह-झज्जाकोठी
पैसों के विवाद में हिंसक हमला
चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के झज्जाकोठी में एक मजदूर के साथ मारपीट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कशमल (जड़ी-बूटी) के व्यापार के लिए दिए गए पैसों को वापस मांगने पर आरोपी ने मजदूर के सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्या है पूरा विवाद
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने आरोपी शरीफ मुहम्मद, निवासी गांव चिनालुई को कशमल खरीदने के लिए नकद और ऑनलाइन माध्यम से भुगतान किया था। आरोपी ने न तो कशमल उपलब्ध करवाई और न ही पैसे लौटाए। लंबे समय से संपर्क न होने के बाद जब दोनों का आमना-सामना हुआ, तो पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, जिससे विवाद बढ़ गया।
नशे की हालत में किया हमला
बताया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी नशे में था। उसने पहले गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जब मजदूर वहां से जाने लगा तो आरोपी ने रास्ता रोककर हाथ में पकड़ी कांच की बोतल उसके सिर पर दे मारी। हमले के बाद मजदूर मौके पर ही गिर पड़ा। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एसपी चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल का मेडिकल करवाया जा चुका है और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।