चोरों ने ज्वैलरी की वर्कशाॅप में लगाई सेंध, लाखों के आभूषण व नकदी लेकर हुए फरार
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में सुल्तानपुर इलाके में चोरों ने रात को ज्वैलरी की एक वर्कशाॅप में सेंध लगा डाली। चोर वर्कशाॅप से करीब साढ़े 11 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व 2.60 लाख रुपए नकदी ले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान रजौन खान पुत्र अब्दुल खालेक निवासी मशीन गार्ड पर पाड़ा पश्चिम बंगाल हाल निवासी सुल्तानपुर कुल्लू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित रजौन खान करीब 20 वर्षों से भागासिद्ध ज्वैलर्स के पास कारीगरी का काम करता है। इसके साथ 6-7 अन्य कारीगर भी हैं। इनकी वर्कशाॅप में करीब 140 ग्राम सोना और 112 ग्राम चांदी सहित अन्य आभूषण भी थे। जिसे चोर उड़ा ले गए। सुबह जब वर्कशाॅप खोलने गए तो वहां पर ताला टूटा हुआ पाया गया।
अंदर गए तो सारा सोना-चांदी और रुपए गायब थे। जिसके बाद उन्होंने सीसीटीव चैक किया। जिसमें उन्होंने देखा कि कोई 2 नकाबपोश शातिर रात को वर्कशाॅप में घुसे थे और चोरी की इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।