चौरासी सिद्धों और नौ नाथों के दर्शन का खास मौका
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के भरमौर में मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को चौरासी सिद्धों और नौ नाथों के दर्शन करने का खास मौका मिल रहा है। यह अवसर वर्ष में केवल एक बार आता है, जब राधाष्टमी के बड़े शाही न्हौण के चलते श्रद्धालुओं को कई तीर्थ, सिद्धों और नाथों के दर्शन करने का मौका मिलता है।
भरमौर में 84 सिद्ध और आठ नाथ हैं, लेकिन नौवें नाथ चंबा के चरपट नाथ केवल राधा अष्टमी पर बड़े न्हौण के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान चौरासी परिसर में 84 सिद्ध और नौ नाथों का समूह पूर्ण होता है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते आए दिन जगह-जगह वाहनों और पैदल आवाजाही करने वाले श्रद्धालुओं की कतारें साफ देखी जा सकती हैं।
भरमौर के स्थानीय ग्रामीण और सैकड़ों श्रद्धालु इस शुभ घड़ी के गवाह बनते हैं। चौरासी परिसर में धर्मराज का मंदिर, लखना माता मंदिर, नर सिंह मंदिर, नंदी समेत कई छोटे-बड़े मंदिर हैं, लेकिन चंबा से आने वाले चरपट नाथ का आशीर्वाद लोगों को मात्र मणिमहेश के दौरान ही मिलता है। पुजारी पंडित हरिशरण शर्मा और पंडित राजेश शर्मा ने बताया कि में चरपट नाथ के चौरासी परिसर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को एकसाथ चौरासी सिद्धों और नौ नाथों के दर्शन करने का मौका मिलता है।