छत से गिरकर प्रवासी मजदूर की हुई मौत
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर के कोट कहलूर थाना के अंतर्गत आने वाले टोबा में एक प्रवासी मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई है। मृतक की पहचान अर्जुन मंडल (40) पुत्र पशुपति मंडल निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेल लाइन के निर्माण में लगा अर्जुन मंडल टोबा में किराए के कमरे में रहता था।
इसी दौरान शनिवार रात को वह क्वार्टर की छत पर गया था। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और करीब 13 फुट नीचे गिर गया। जिससे वह घायल हो गया। जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे के सूचना दी। डीएसपी श्री नयनादेवी जी विक्रांत बोंसरा मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही की जा रही है।