जंगली मशरूम खाने से तीन लोगों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में तीन लोगों को जंगली मशरूम खाना भारी पड़ गया। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जिनकी पहचान नेपाल निवासी गोबिंद (40), सुनीता (35) और हिमी देवी (62) ढली के रूप में हुई हैं। गोबिंद और सुनीता पति-पत्नी हैं, हिमी देवी उनकी रिश्तेदार है। जानकारी के मुताबिक, तीनों ने घर से कुछ दूरी पर ही उगे जंगली मशरूम को निकालकर उसकी सब्जी बनाकर खाई थी। खाना खाने के बाद अचानक ही उन तीनों की तबियत बिगड़ने लगी।
जिसके बाद तीनों उपचार के लिए तुरंत आईजीएमसी शिमला आए। यहां पर चिकित्स्कों ने उन्हें आपातकालीन विभाग में दाखिल कर लिया है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव ने बताया कि जंगली मशरूम खाने से मरीज का लीवर फेल होने के साथ कई बार पीलिया हो जाता है। यह दिमाग पर असर डालता है। इसके अलावा मरीज को देखने में भी समस्या आती है और मुंह के सूखने की समस्या तक होती है। उन्होंने बताया कि फ़िलहाल तीनों मरीजों की हालत खतरे से बाहर है।