Loading...

जनता की भावनाओं का सौदा करने वालों को नहीं बख्शना- मुख्यमंत्री

Ankita 26 Apr 2024 Edited 26 Apr 1 min read

सुक्खू बोले – 1 जून को भाजपा के खिलाफ दबाएं बटन

HNN/राजगढ़

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सिरमौर जिला के राजगढ़ में कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी के लिए पहली जनसभा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भावनाओं का सौदा करने वालों को बख्शना नहीं है। जनक्रांति के रूप में 1 जून को भाजपा के खिलाफ बटन दबाएं।

चारों लोकसभा व छह विधानसभा की सीटें कांग्रेस की झोली में डालें ताकि भाजपा की खरीद फरोख्त की राजनीति के खिलाफ पूरे देश में कड़ा संदेश जाए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को अब सत्ता की बहुत भूख सता रही है, मुख्यमंत्री रहते वह पांच साल सोए रहे और पेपर बिकते गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को खत्म होने से जनता ही बचा सकती है। वोट से चुनी सरकार को नोटों के दम पर गिराने की साजिश रचने से बड़ी लोकतंत्र की हत्या और नहीं हो सकती। 75 साल में अगर लोकतंत्र जिंदा है तो कांग्रेस की नीतियों के कारण है। अगर आज एक चाय बेचने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री है तो यह कांग्रेस की नीतियों से संभव हुआ है।

ठाकुर सुखविंदर सिंह ने कहा कि पच्छाद क्षेत्र की जनता का साथ मांगने आया हूं, जब जनबल और भगवान साथ हैं तो फिर भाजपा की सरकार गिराने की साज़िशों से घबराने वाला नहीं हूं। महाराष्ट्र और कर्नाटक में पैसे के दम पर सरकार गिराने की भाजपा की साजिश सफल हो गई, लेकिन हिमाचल में इनकी कोशिश सिरे नहीं चढ़ी।

भविष्य में इन्हें वोट के जरिये ऐसा सबक सिखाएं कि पूरे देश में हिमाचल मिसाल बने। जनता कोई भी क्रांति ला सकती है, इसलिए इस बार वोट की क्रांति लाएं और 1 जून को उसका अंत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद सुल्तानपुरी ईमानदार व साफ छवि के हैं। इनके पिता छह बार सांसद रहे, कोई उनका ईमान खरीद नहीं सका।

विनोद को संसद में पहुंचाएं ताकि वह आपकी आवाज बुलंद कर सकें। आपके वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप ने क्षेत्र का विकास नहीं करवाया, आपदा में विशेष राहत पैकेज लाने के लिए प्रधानमंत्री से मिलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाए। भाजपा के तीनों सांसदों ने आपदा में सरकार का साथ नहीं दिया न ही प्रधानमंत्री को उत्तराखंड व गुजरात के भुज की तर्ज पर विशेष राहत पैकेज के लिए एक चिट्ठी लिख सके।

मुख्यमंत्री ने युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व बीते विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का दामन थामने वाले मनीष ठाकुर को फूलमाला पहनाकर कांग्रेस पार्टी में शामिल किया। कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि उनके पिता केडी सुल्तानपुरी ने छह बार सांसद बनकर शिमला संसदीय क्षेत्र की सेवा की है।

जनसभा में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक अजय सोलंकी, पूर्व स्पीकर गंगू राम मुसाफिर, पच्छाद से पूर्व प्रत्याशी दयाल प्यारी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद परमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इत्यादि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईमान बेचने वाले छह पूर्व विधायकों का चेहरा भाजपा का पटका पहनते समय उतरा हुआ था। जमीर बेचने की शिकन उनके चेहरों पर थी। एक बिकाऊ विधायक तो ऐसे हैं, उनके बिकने से दो दिन पहले मैंने लाहौल विधानसभा क्षेत्र के केलांग से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि के 1500 रुपये महिलाओं को देने की शुरूआत की।

तब तो वह मेरे बड़े कसीदे पढ़ रहे थे। हमारी सरकार चुनाव देखकर राजनीति नहीं करती। हमने तिब्बत की सीमा से सटे लाहौल से इसलिए 1500 रुपये की योजना की शुरूआत की ताकि वहां के निवासियों को लगे कि वे देश का अभिन्न अंग हैं।