जमीनी विवाद के चलते युवक के गले पर नुकीली चीज से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर के डियारा सेक्टर में जमीनी विवाद के चलते हुई झगड़े के दौरान एक युवक के गले पर नुकीली चीज से हमला किया गया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की पहचान गौरव पुत्र धनीराम निवासी धर्मशाला जिला कांगड़ा रूप में हुई है। वहीं आरोपियों की पहचान परवेज अख्तर निवासी डियारा सेक्टर, उसकी पत्नी और बेटे के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल गौरव डियारा सेक्टर स्थित अपने मामा के घर आया था। इस दौरान डियारा सेक्टर में एक घर का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी बीच निर्माण करा रहे व्यक्ति और उसके पड़ोस में रहने वाले एक परिवार में जमीनी विवाद को लेकर झगड़ा शुरू हो गया।
देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची। मारपीट के दौरान युवक के गले पर किसी नुकीली चीज से हमला हुआ और वह खून से लथपथ हो गया। जिसके बाद घायल को क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया।
जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया। वहीं पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और परवेज अख्तर, उसकी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया है। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही की जा रही है।