जयराम सरकार अब केवल तीन दिन की, कांग्रेस सरकार बनते ही सभी वर्गों को देगी राहत- सुक्खू
HNN / शिमला
कांग्रेस चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में जयराम सरकार का सूर्यास्त हो गया है। कर्मचारी, किसान, बागवान, युवा विरोधी जयराम सरकार के हिमाचल में अब गिनकर महज तीन दिन रह गए है। डबल इंजन का दंभ भरने वाली बीजेपी सरकार ने कमरतोड़ महंगाई, रिकॉर्ड बेरोजगारी देकर और भर्तियों में धांधलियां कर अपना असली जन विरोधी चेहरा दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही जनता से किए गए सभी वादे पूरा कर हर वर्ग को राहत देने के फैसले करेगी।
सरकार ने कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ तक नहीं दिए
सुक्खू ने कहा कि हिमाचल के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ तक नहीं दिए गए। कर्मचारी पहले नए वेतनमान के लिए लड़ते रहे और जब वेतनमान दिया भी तो उसमें बड़ी विसंगतियां पैदा कर डाली। आज शायद ही कर्मचारियों का कोई वर्ग बचा है जो इस वेतन विसंगति से न जूझ रहा हो। आउटसोर्स कर्मियों के लिए पॉलिसी बनाने का 2017 चुनावों के दौरान वादा करने के बावजूद पांच साल में उनके लिए कुछ नहीं किया।
भर्तियों में घोटाले करने वाली बीजेपी सरकार अब कर रही झूठे वादे
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि चुनावों में युवाओं की नाराजगी को भांपते हुए बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र जो कि जुमला है, में बड़े-बड़े वादे किए है। लेकिन अपने पांच साल के कार्यकाल में युवाओं के लिए किए कार्यों का वह कोई रिपोर्ट कार्ड नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने पांच सालों में सरकारी विभाग में खाली पड़े 65 हजार खाली पदों को नहीं भरा, अब चुनाव देखकर झूठे वादे कर रही है।
पांच सालों में युवाओं को नौकरियां देने की बजाए किये घोटाले
हिमाचल की जयराम सरकार ने भर्तियों में घोटाले किए हैं। इस सरकार ने पेपरों की बोलियां लगाईं, पुलिस विभाग की कांस्टेबल परीक्षा पत्र आठ से दस लाख में बेचे गए। करीब 75 हजार युवाओं से इस परीक्षा के माध्यम से अन्याय किया गया, पेपर लीक का मामला उजागर होने पर जयराम ने आनन फानन में परीक्षा रद्द कर डाली। चारों तरफ बढ़ते दबाव के चलते सीएम जयराम ठाकुर ने इसकी सीबीआई जांच की बात कही, मगर अपने लोगों तक इसकी आंच आने से डरी सरकार सीबीआई जांच से पीछे हट गई।
सब्सिडी बंद करने वाली भाजपा को अब आ रही किसानों-बागवानों की याद
सुक्खू ने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों और बागवानों को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। किसान-बागवान विरोधी बीजेपी सरकार ने खाद और दवाइयों पर मिलने वाली सब्सिडी को बंद कराकर उनकी फसलों की लागत बढ़ाने का काम किया। अदानी पर मेहरबान मोदी सरकार के निर्देशों पर जयराम सरकार ने सेब बागवानों का जमकर शोषण करवाया। कार्टन पर 18 फीसदी जीएसटी थोपने वाली बीजेपी सरकार अब झूठे वादे कर रही है।