कभी मुख्य चुनावी मुद्दा रहा नाहन का पानी, अब शिकायत रजिस्टर में जीरो कंप्लेंट
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर जल शक्ति विभाग नाहन अब एक और बड़ी सौगात शहर वासियों को देने जा रहा है। शहर के लगभग सभी 13 वार्डों में 24×7 नल सप्लाई लाइन से जुड़ा रहे इसको लेकर योजना बना ली गई है। बनाई गई योजना के अनुसार फिलहाल वार्ड नंबर 5 को शामिल किया गया है। अब यदि विभाग का 5 नंबर वार्ड में 24 बाय 7 का प्रैक्टिकल सफल होता है तो फिर धीरे-धीरे अन्य वार्ड भी 24 बाय 7 योजना से जोड़ दिए जाएंगे।
इसके पीछे विभाग की बड़ी सोच यह है कि छतों से पानी के रिजर्व टैंक खुद-ब-खुद हटा दिए जाएं। जाहिर सी बात है जब लोगों को अपने नल में हर वक्त ताजा पानी मिलेगा तो फिर वह टैंक में स्टोर किया हुआ बासी पानी पीने से भी गुरेज करेंगे। असल शहर के अधिकतर घरों की छतों पर रखे वाटर टैंक ओवरफ्लो करते हैं। जिससे विभाग का बहुत सारा कीमती पानी व्यर्थ नालियों में बह जाता है।
बताना जरूरी है कि जल शक्ति विभाग शहर के करीब 40,000 लोगों व संस्थानों को प्रतिदिन 55 लाख लीटर पानी पिलाता है। शहर में 10526 घरेलू तथा 500 के लगभग कमर्शियल कनेक्शन है। इसके अलावा सार्वजनिक नल और धार्मिक स्थलों को दिए हुए वाटर कनेक्शन अलग से हैं। गौरतलब हो कि नाहन शहर प्रदेश के उन शहरों में शामिल था जिसमें सबसे प्रमुख और बड़ी समस्या पेयजल आपूर्ति की थी। नाहन शहर से सभी दलों के लिए पेयजल की समस्या प्रमुख राजनीतिक मुद्दा हुआ करता था।
मगर गिरी उठाऊ पेयजल योजना के बाद पेयजल की पानी की समस्या का दानव अब खत्म हो चुका है। इसकी पुष्टि सब डिवीजन में रखा हुआ कंप्लेन रजिस्टर खुद कर देता है। चौंका देने वाली बात तो यह है कि रजिस्टर में जीरो कंप्लेंट दर्ज है। नाहन शहर को फिलहाल गिरी उठाऊ पेयजल योजना तथा नहर स्वार से पेयजल आपूर्ति होती है। और इससे भी बड़ी बात तो यह है कि विभाग के पास खैरी उठाऊ पेयजल योजना भी है। मगर यह योजना विभाग ने स्टैंडबाई में रखी हुई है।
इससे खुद ब खुद अंदाजा लगाया जा सकता है कि नाहन शहर में आने वाले 30 वर्षों तक पानी की समस्या नहीं रहेगी। उधर, अधीक्षण अभियंता राजीव महाजन ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने फिलहाल 5 नंबर वार्ड को प्रयोगिक तौर पर शामिल किया है। उन्होंने कहा कि यदि इस वार्ड में 24 बाय 7 पेयजल आपूर्ति योजना सफल रहती है तो शहर के अन्य वार्ड में भी इसी व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
वहीं उन्होंने शहर वासियों से अपील करते हुए भी कहा कि अब गर्मियों का सीजन शुरू हो चुका है लिहाजा अपने टैंक से पानी को ओवरफ्लो ना होने दें। इसके साथ-साथ पेयजल को गाड़ी धुलाई अथवा सिंचाई आदि में इस्तेमाल ना करें। ओवरफ्लो को लेकर उन्होंने स्पष्ट भी कर दिया है कि यदि किसी के वाटर टैंक से पानी व्यर्थ बहता हुआ दिखाई दिया तो पहले उन्हें चेतावनी दी जाएगी मगर दूसरी बार उनका वाटर कनेक्शन परमानेंट काट दिया जाएगा।

