Loading...

जाइका वानिकी परियोजना से जुड़ी महिलाएं बनीं सशक्तिकरण की मिसाल, विधायक कमलेश ठाकुर ने किया सम्मान

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 9 Mar 2026, 12:54 PM | Updated: 9 Mar 2026, 12:54 PM 0 min read

देहरा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में जाइका वानिकी परियोजना से जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना की गई। विधायक कमलेश ठाकुर ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया।

कांगड़ा/देहरा

महिला दिवस पर महिलाओं से किया सीधा संवाद

देहरा के बचत भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने भाग लिया। उन्होंने जाइका वानिकी परियोजना से जुड़ी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी मजबूत भागीदारी दर्ज करा रही हैं और समाज में सशक्तिकरण की नई मिसाल बन रही हैं।

स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के कार्यों की सराहना

कार्यक्रम के दौरान विधायक कमलेश ठाकुर ने परियोजना से जुड़ी दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं के साथ ऑनलाइन माध्यम से संवाद किया, जबकि कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित महिलाओं से भी सीधे बातचीत की। इस अवसर पर वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डॉ. संजय सूद ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि इस परियोजना से जुड़कर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं अपनी आजीविका को मजबूत बना रही हैं और आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगी

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टॉल भी लगाए गए। विधायक कमलेश ठाकुर ने इन स्टॉल का निरीक्षण कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की और उनके कार्य को प्रोत्साहन दिया।

बेहतरीन कार्य करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित

इस अवसर पर देहरा, धर्मशाला, नूरपुर और पालमपुर वन मंडलों के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 18 अन्य वन मंडलों से जुड़े समूहों की महिलाओं को ऑनलाइन माध्यम से सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश धीमान ने विधायक कमलेश ठाकुर को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही जल शक्ति विभाग की महिला जल योद्धाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीएफ हमीरपुर निशांत मंढोत्रा, सीएफ धर्मशाला बासु कौशल, परियोजना निदेशक श्रेष्ठा नंद शर्मा, वन मंडलाधिकारी देहरा सन्नी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।