जिला कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
HNN/ चंबा
जिला चंबा में तीसा स्थित चांजू माता मंदिर परिसर में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड चंबा के सौजन्य तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एमएफबी जिओ टेक प्राइवेट लिमिटेड लौट-1 में कार्यरत कामगारों के लिये निशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 96 कामगारों की स्वास्थ्य जांच की गई।
इस दौरान ब्लड प्रेशर, मधुमेह, एचआईवी, हेपेटाइटिस बी व सी, सिफलिस तथा टीबी की निशुल्क जांच डॉक्टर के द्वारा की गई। शिविर में जिला श्रम कल्याण अधिकारी श्श्वेता कुमारी ने कामगारों को बताया कि शिविर के आयोजन का मुख्य उदेश्य असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे कामगारों को ज़रूरी स्वास्थ्य सुविधाऐं उपलब्ध करवाना है।
इसके अलावा उन्होंने कामगारों को हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को बताया कि इससे पूर्व भी जिला में इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर आयोजित किए गए हैं तथा भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।