जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ तीसरी बार अविश्वास प्रस्ताव, फिर वापस लिया इस्तीफा
HNN/ बिलासपुर
जिला परिषद बिलासपुर के 10 सदस्यों ने उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक के समक्ष अध्यक्ष के खिलाफ तीसरी बार अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया। तकरीबन पिछले तीन माह से इस पद के लिए इस्तीफे का खेल खेला जा रहा है। अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद अध्यक्ष अपना इस्तीफा दे देती हैं और फिर अवधि पूरी होने से पहले ही इस्तीफा वापिस भी ले लेती हैं।
बता दें कि जिला परिषद बिलासपुर की उपाध्यक्ष के पद में फेरबदल तो हुआ लेकिन अध्यक्ष की कुर्सी के लिए पिछले तीन माह से उठा-पटक जारी है। निर्दलीय जीतने के बाद मुस्कान ने अध्यक्ष पद पर तैनात होने की शर्त पर भाजपा से जुड़ी थी और प्रदेश की सबसे युवा जिला परिषद अध्यक्ष बनी थीं। परन्तु, दो साल के कार्यकाल के बाद मार्च 15 को अन्य सदस्यों ने मुस्कान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की। इससे पहले कि प्रस्ताव पारित होता उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया और एक माह की अवधि पूरी होने से पहले ही इस्तीफा वापिस ले लिया।
अब तीसरी बार इस पर चर्चा के लिए उपयुक्त ने 12 जुलाई का दिन निर्धारित किया है। जहां जि.प. अध्यक्ष को लोगों के हितों के लिए कार्य करना था, वहां पर सत्ता में बने रहने का खेल खेला जा रहा है। अब एक माह का समय पूरा होने से करीब तीन दिन पहले ही मुस्कान ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है, जबकि अन्य सदस्यों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी की है।