जिला परिषद की बैठक में उठा नशाखोरी की समस्या का मुद्दा

The issue of drug abuse raised in the Zilla Parishad meeting

HNN / शिमला

जिला परिषद शिमला की बैठक आज बचत भवन में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता शिमला जिला परिषद की अध्यक्षा चन्द्र प्रभा नेगी ने की। बैठक में सदस्यों द्वारा प्रस्तावों व प्रश्नों पर चर्चा की गई और 15वें वित्त आयोग द्वारा मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों की शेल्फों को पारित किया गया।

बैठक के दौरान जिला परिषद अध्यक्षा चन्द्र प्रभा नेगी ने युवा पीढ़ी में नशाखोरी की समस्या पर विस्तृत चर्चा की और पुलिस विभाग से मुख्य सरगना को पकड़ने का आह्वान किया और इस समस्या की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। जिला परिषद सदस्य सुभाष कैंथला ने विकास खण्ड नारकंडा की ग्राम पंचायतों को लूहरी परियोजना प्रभावित क्षेत्रों की सूची में जोड़ने का मुद्दा उठाया, जिससे किसानों की फसलों को हो रहे नुक्सान की भरपाई सम्भव हो सके।

जिला परिषद सदस्य भारती जनारथा ने रोहडू विधानसभा क्षेत्र के टिक्कर क्षेत्र में सम्पर्क मार्गों पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों को नियमित रूप से चलाने का मुद्दा उठाया, जिस कारण स्कूली बच्चों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में असुविधा न हो तथा ग्रामीणों को भी दिक्कत का सामना न करना पड़े।