Loading...

जिला सिरमौर में लोक अदालत के मामले से 1630 लोगों को मिला न्याय

Ankita • 11 Mar 2023 • 1 Min Read

अदालतों में लंबित 4849 मामलों में से 1490 मामलों का हुआ निपटारा

HNN/ नाहन

जिला सिरमौर के राजगढ़, शिलाई, पांवटा साहिब और नाहन कोर्ट के शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया गया। नाहन कोर्ट परिसर में पांच बैंच, पांवटा सहिब में तीन, राजगढ़ और शिलाई में एक-एक बेंच मामलों को निपटाने के लिए लगाई गई थी।

लोक अदालतों में बिजली, पानी, मोटर वाहन अधिनियम सहित अनेक प्रकार के मामलों की मध्यस्ता की गई और उनका हल निकाला गया। शनिवार को आयोजित लोक अदालतों में 1630 मामलों का मौके पर निपटारा किया गया। इस दौरान पूर्व मुक्कदमेबाजी के 1236 मामलों में से 140 और अदालत में लंबित 4849 मामलों में से 1490 मामलों का निपटारा हुआ।

अदालत में बिजली व पानी बिल भुगतान, बैंक रिकवरी मामले, मोटर वाहन, खनन, बीएसएनएल समेत अन्य सिविल केस के कुल 6085 मामले निपटान के लिए आए। इन 10 लोक अदालतों में 1630 मामलों में 5 करोड़ 39 लाख 8768 रूपए का सेटलमेंट किया गया।

जिला सिरमौर विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरके चौधरी ने बताया कि लोक अदालतों में 1630 मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया है। शनिवार को जिले में कुल 10 लोक अदालतों का आयोजन किया गया।

इसमें 6085 मामले लोक अदालत में सुनवाई के लिए पहुंचे, जिसमें प्री-लिटिगेशन के 1236 व 4849 लंबित मामले आए। कुल मामलों में से 1630 का निपटारा किया गया।