टिप्पर ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, चालक की मौत
HNN/बिलासपुर
जिला ऊना में नंगल-ऊना मुख्य मार्ग पर स्थित नंगल डैम चौक पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक टिप्पर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 60 वर्षीय बलकार सिंह के रूप में हुई है। जबकि स्कूटी सवार अवतार सिंह घायल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवतार सिंह और बलकार सिंह एनएफएल के कोऑपरेटिव स्टोर में काम करते थे।
वह अपनी स्कूटी को नंबर प्लेट लगवाकर नया नंगल की ओर आ रहे थे। इस दौरान नंगल डैम चौक के पास एक टिप्पर ने उन्हें टक्कर मार दी और बलकार सिंह और अवतार सिंह सड़क के बीचो-बीच गिर गए। जिसके बाद टिप्पर बलकार सिंह के ऊपर से गुजर गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। एएसआई गुरनैब सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि टिप्पर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।