टोका साहिब से ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाहन पहुंचा नगर कीर्तन
ऐतिहासिक चौगान मैदान में जोड़ मेले का भी हुआ शुभारंभ
HNN/नाहन
कालाअंब स्थित टोका साहिब गुरुद्वारा से शनिवार शाम भव्य नगर कीर्तन ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान नाहन पहुंचा। नगर कीर्तन की अगुवाई पंज प्यारों ने की। इस दौरान जगह-जगह संगतों ने गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया।
नगर कीर्तन में काफी संख्या में संगत शामिल हुई। गुरूद्वारा नाहन पहुंचने पर नगर कीर्तन का जोरदार स्वागत किया गया। इसी के साथ गुरुद्वारा के सामने ऐतिहासिक चौगान मैदान में जोड़ मेले का भी शुभारंभ हो गया।
बता दें कि गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के नाहन आगमन दिवस पर यह जोड़ मेला मनाया जाता है। जिस मार्ग से गुरू महाराज जी नाहन पहुंचे थे, उसी मार्ग से यह नगर कीर्तन भी यहां पहुंचता है। 5 मई तक चौगान मैदान में जोड़ मेले का आयोजन हो रहा है।
इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मेले का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नाहन व समूह साध संगत, समूह जत्थेबंदियां, सिख नौजवान सेवक जत्था नाहन द्वारा किया जा रहा है।