डलहौजी-खज्जियार मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, पंजाब के पुलिस जवान की मौत
HNN/ चंबा
जिला चंबा में डलहौजी-खज्जियार मार्ग पर सेईनाला के पास एक सड़क हादसा पेश आया है, यहां कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से पंजाब के पुलिस जवान की मौत हो गई है। मृतक की पहचान रमन कुमार निवासी गुरदासपुर पंजाब के तौर पर की गई है। वहीं, बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है, जबकि पत्नी बेसुध है। इस घटना से परिवार को गहरा सदमा लगा है।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब पुलिस में तैनात रमन अपने परिवार के साथ पंजाब से डलहौजी-खज्जियार घूमने के लिए आ रहा था। जैसे ही वह सेईनाला के पास पहुंचा तो गाड़ी जाम में फंस गई। इस दौरान परिवार के सदस्य करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल ही खज्जियार मैदान पहुंच गए, ताकि जाम में उन्हें परेशानी न हो।
लेकिन जाम के कारण गाड़ी से नियंत्रण खो देने के कारण गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे में रमन की मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। डीएसपी प्रोबेशनर मयंक शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।