Loading...

डीएवी राजगढ़ के वार्षिक समारोह में दिखी प्रतिभा, ‘संवर्धन-फ्रॉम रूट्स टू विंग्स’ रहा थीम

Shailesh Saini • 2 Oct 2026 • 1 Min Read

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से विद्यार्थियों ने दिया सामाजिक, नैतिक और पर्यावरण संरक्षण का संदेश, श्रद्धानंद हाउस बना बेस्ट हाउस

हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़

डीएवी सेंटेनरी एमएएस पब्लिक स्कूल राजगढ़ में वार्षिक समारोह-2026 धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह का थीम ‘संवर्धन-फ्रॉम रूट्स टू विंग्स’ रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नाटिकाओं, नृत्य और हिमाचली नाटी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक, नैतिक और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य चंदेश्वर शर्मा ने मुख्यातिथि डीएफओ राजगढ़ समीर सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी साझा की। समारोह का विशेष आकर्षण विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन रहा, जिसे नर्सरी से जमा दो तक के विद्यार्थियों ने स्वयं प्रस्तुत किया।

विद्यार्थियों ने शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक, विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्यालय की उपलब्धियों को प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा।मुख्यातिथि डीएफओ राजगढ़ समीर सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत महात्मा गांधी के विचार से करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों के शरीर, दिमाग और आत्मा का चौमुखी विकास करना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियां दर्शाती हैं कि डीएवी राजगढ़ इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।समीर सिंह ने वर्ल्ड वाटर डे, वर्ल्ड एनवायरनमेंट डे, महिला दिवस, गौशाला भ्रमण, आर्य समाज की शोभायात्रा, एआई सेमिनार और चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में विद्यार्थियों ने वेलकम सॉन्ग और डीएवी गान के साथ प्रस्तुतियों का आगाज किया। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी तथा कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों ने अचीवमेंट डांस प्रस्तुत किया।

कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने ‘अभिमन्यु वध’ नाटिका प्रस्तुत की। इसके अलावा दयानंद और अष्टावक्र पर आधारित नाटिकाओं तथा दुर्गा काली-रक्तबीज वध की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।कार्यक्रम के दौरान सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, प्रशंसा एवं खेल उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

हिमाचली नाटी और ग्रैंड फिनाले समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे। लोक संस्कृति की झलक ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। समारोह में श्रद्धानंद हाउस को बेस्ट हाउस के खिताब से नवाजा गया। आभार व्यक्त करने के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।